महिला कांग्रेस ने गैस सिलेंडर, डीजल, पेट्रोल के बढ़े हुए दामों के खिलाफ किया धरना प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा

तोपचंद,भिलाई। मोदी सरकार के विरूद्ध महिलाओं का आक्रोश सोमवार को उस वक्त देखने को मिला, जब सभी महिलाएं पावर हाउस चौक में एकत्रित हुईं। छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस द्वारा रसोई गैस सिलेंडर, डीजल, पेट्रोल के बढ़े हुए दामों के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया गया। जिसके बाद राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भेजा गया। भिलाई की महिलाओं ने सड़क पर ही चूल्हा जलाया। रसोई गैस सिलेंडर, डीजल, पेट्रोल के दामों में भारी-भरकम वृद्धि के खिलाफ महिला कांग्रेस ने भिलाई में विरोध प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा।
इस आंदोलन का नेतृत्व कर रहीं महिला कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष नीता लोधी ने कहा, गैस सिलेंडर में फिर लगी महंगाई की आग के मार से गृहणी त्रस्त हो गई हैं। हर घर की रसोई का बजट बिगड़ गया है। आमदनी कम और खर्च ज्यादा है। इस तरह से लगातार बढ़ती गैस सिलेंडर के दाम से महिलायें चिंतित है। कांग्रेस शासन के समय में दाम में जरा सी भी वृद्धि होती थी तो भाजपा वाले पूरे देश में महंगाई को लेकर हाहाकार मचा देते थे और आज इन भाजपा के नेताओं को बढ़ी हुई महंगाई का आभास भी नहीं है।
भिलाई अध्यक्ष जूली अर्नाल्ड ने कहा कि झूठे वादों और झूठे नारों के साथ केन्द्र की भाजपा सरकार ने जनता को धोखा दिया है। सरकार के पास कीमत बढ़ने का हर तर्क मौजूद है मगर उन्हें रोकने का एक भी उपाय नहीं है। केन्द्र सरकार की गलत नीति के कारण महंगाई बेलगाम हो गई है। सभा को पूर्व मंत्री बीडी कुरैशी, पूर्व विधायक भजन सिंह निरंकारी, भिलाई कांग्रेस अध्यक्ष तुलसी साहू, डी. कामराजू, जोहन सिन्हा, तुलसी पटेल, सुभद्रा सिंह, अनिता बघेल ने भी मोदी सरकार पर हमला बोला। धरना देती महिलाएं सड़क पर चूल्हा जलाकर खिचड़ी पकाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। लकड़ी के गठ्ठे सिर में रख, खाली गैस सिलेण्डर उठाकर, दो पहिया वाहनों को धक्कामार केन्द्र सरकार के खिलाफ उग्र विरोध प्रदर्शन किया।